Breaking News

यहा पर हुई रात भर भारी बारिश, स्कूलों में छुट्टी घोषित

विदिशा, मध्यप्रदेश के विदिशा जिले में रात भर तेज बारिश के कारण आज सुबह से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने आज भारी बारिश के कारण जिले के सभी निजी और शासकीय स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है।

बीती रात हुई बारिश से जिला मुख्यालय पर बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। निचली बस्तियों में करीब चार फ़ीट तक पानी भर गया है।  जिला भू अभिलेख कार्यालय ने जिला मुख्यालय पर रात 12 से सुबह छह बजे तक 121 मिलीमीटर बारिश होने की जानकारी दी है।

कलेक्टर श्री सिंह समेत सभी राजस्व अधिकारी आज सुबह अलग-अलग क्षेत्रों के बारिश के हालात का जायजा लेने पहुँचे। कलेक्टर ने तुरंत राहत कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग सभी नदी-नाले एक बार फिर उफान पर होने से गांवों का जिला मुख्यालय से सड़क संपर्क टूट गया है।