‘यादव जी की लव स्टोरी’ फिल्म को लेकर मैनपुरी में विरोध तेज

मैनपुरी, मैनपुरी में ‘यादव जी की लव स्टोरी’ नामक फिल्म को लेकर विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। बुधवार को जिला यादव महासभा के बैनर तले जिला अध्यक्ष शुभम यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने फिल्म के शीर्षक और कथानक पर आपत्ति जताते हुए जमकर नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान महासभा के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर फिल्म के प्रदर्शन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। उनका कहना है कि फिल्म के माध्यम से समाज की छवि को गलत तरीके से प्रस्तुत करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे सामाजिक भावनाएं आहत हो सकती हैं।
महासभा के नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने उनकी मांगों पर शीघ्र संज्ञान नहीं लिया, तो आंदोलन को और अधिक उग्र रूप दिया जाएगा। मामले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।





