युवाओं को हुनर व रोजगार से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता: ए.के. शर्मा

मऊ,  उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि युवाओं को हुनर और रोजगार से जोड़ना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है और इसी दिशा में मऊ की बंद पड़ी परदहा मिल को आधुनिक औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। श्री शर्मा ने जनपद भ्रमण के दौरान दशकों से बंद परदहा मिल का स्थलीय निरीक्षण किया और उद्योग विभाग के अधिकारियों के साथ वहां चल रही तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि औद्योगिक संकुल विकसित करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।

उन्होंने बताया कि मिल की करीब 85 एकड़ भूमि पर आधुनिक औद्योगिक पार्क/क्लस्टर विकसित किया जाएगा, जो मऊ की औद्योगिक पहचान को पुनर्जीवित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इससे क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार तथा स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

मंत्री ने कहा कि “सभी हाथों को हुनर और काम मिले” इसी लक्ष्य के साथ इस परियोजना को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि औद्योगिक इकाइयों के आवंटन की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए जल्द ही ऑनलाइन प्रणाली लागू की जाएगी, जिससे उद्यमियों को आवेदन और आवंटन में सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि यह परियोजना “आत्मनिर्भर भारत” के संकल्प को साकार करने में सहायक होगी और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगी। मंत्री ने क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि आने वाले समय में मऊ पुनः अपनी औद्योगिक पहचान स्थापित करेगा। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, उद्योग विभाग के अधिकारी, व्यापारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button