Breaking News

युवा संकल्प दिवस के रूप में मनाया गया मुख्यमंत्री धामी का जन्मदिन

देहरादून, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जन्मदिन सोमवार को युवा संकल्प दिवस के रूप में पूरे उत्साह और धूमधाम से मनाया गया। बदरीनाथ और केदारनाथ धाम सहित प्रदेश भर के मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और हवन के साथ उनकी दीर्घायु तथा राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की गई। विभिन्न संगठनों के तत्वावधान में सभी जिलों में खेलकूद प्रतियोगिताएं, पौधारोपण कार्यक्रम एवं रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। देहरादून में उनके आवास पर श्री धामी को बधाई देने वालों का दिनभर तांता लगा रहा।

साथ ही, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, धर्मेंद्र प्रधान, शिवराज सिंह चौहान, पीयूष गोयल, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिश्व शर्मा, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह सहित कई केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों, सांसदों, विधायकों और अन्य राजनेताओं ने मुख्यमंत्री धामी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई दी है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सबसे पहले शासकीय आवास पर अपनी माताजी के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद वह सपरिवार टपकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। जहां पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली और प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि की कामना की। उन्होने कहा कि इस वक्त राज्य प्राकृतिक आपदा से ग्रस्त है, आम लोगों और संगठनों को आपदा पीड़ितों की मदद के लिए आगे आना चाहिए।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मुख्यमंत्री को दूरभाष पर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं हैं। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने भी उनको जन्मदिन की बधाई दीं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने श्री धामी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि आप राज्य को बदलने के लिए विभिन्न पहलों में सबसे आगे हैं। ईश्वर करे कि आप दीर्घायु और स्वस्थ जीवन जियें।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए बाबा केदारनाथ से उनके स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की है। उन्हें भेजे गए संदेश में गृहमंत्री ने कहा,“आपके नेतृत्व में देवभूमि उत्तराखंड विकास व गरीब कल्याण का सुनहरा दौर देख रहा है।”

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने श्री धामी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि सीएम धामी अपने राज्य के विकास और यहां के लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए असाधारण प्रयास कर रहे हैं। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सोशल मीडिया के एक्स प्लेटफॉर्म पर अपने संदेश में लिखा,“देवभूमि उत्तराखंड के यशस्वी और जनप्रिय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। आपके

अथक परिश्रम व समर्पण से उत्तराखंड निरंतर विकास के मार्ग पर अग्रसर है और प्रगति के नित नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।”
बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) द्वारा श्री धामी के जन्मदिन पर बदरीनाथ में महाभिषेक और केदारनाथ धाम में रुद्राभिषेक पूजा कराई गई। इसके अलावा, ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ, नृसिंह मंदिर जोशीमठ, तृतीय केदार तुंगनाथ, सिद्धपीठ कालीमठ में विशेष पूजा-अर्चना और हवन किया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजपुर रोड स्थित एनआईवीएच पहुंचकर वहां दिव्यांग बच्चों से भेंट की और उनके साथ केक काटकर अपना जन्मदिन मनाया। बच्चों को केक खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बच्चों ने अपने हाथों से बनाया गया एक मॉडल उपहार स्वरूप उन्हें भेंट किया।

यहां यह भी उल्लेखनीय है कि सोशल मीडिया के एक्स प्लेटफॉर्म पर भी आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह टॉप ट्रेंडिंग में रहे। उनका जन्मदिन ‘युवा संकल्प दिवस’ के रूप में मनाया गया। इसके तहत कार्यक्रमों की धूम रही।