Breaking News

यूपी को शून्य से शिखर तक पहुंचाया योगी ने : ए.के. शर्मा

जौनपुर,  उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री जौनपुर के प्रभारी ए.के. शर्मा ने मंगलवार को कहा कि वर्ष 2017 से पहले बीमारू राज्य कहा जाने वाला उत्तर प्रदेश को शून्य से शिखर तक पहुचाने में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की देन है। श्री योगी ने आठ वर्षों में राज्य की शक्ल और सूरत दोनों बदल दी है।

ए.के.शर्मा मंगलवार को जौनपुर के कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में प्रदेश सरकार के सेवा, सुरक्षा और सुशासन की नीति के आठ वर्ष पूर्ण होने पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश बीमारु राज्य में की श्रेणी में आता था, आठ वर्षों में नए भारत के निर्माण के लिए उत्तर प्रदेश सशक्त प्रदेश बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था में सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के तहत विभिन्न अयोगों और भर्ती बोर्ड के माध्यम से 80.50 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई जिसमें 13.80 लाख से अधिक महिलाएं भी शामिल है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना में 22 लाख 12 हजार बालिकाओं को लाभानित किया गया। निराश्रित महिला पेंशन योजना के तहत 30 लाख 98 हजार महिलाएं लाभान्वित हुई। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड) के अंतर्गत 18990 बच्चों को सहायता प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अपराध व अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति लागू है। लखनऊ, गौतम बुद्ध नगर, कानपुर नगर, वाराणसी, आगरा, गाजियाबाद और प्रयागराज में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली स्थापित की गई है।

ए.के. शर्मा ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को गिनात हुए कहा कि महिलाओं और नाबालिगों के खिलाफ अपराधों में 27425 मामलों में पैक्सो के तहत 11254 मामलों में और दहेज हत्या के 3775 मामलों में दोषियों को सजा दिलाई गई। उन्होंने कहा कि प्रदेश में वर्तमान में 44 राजकीय मेडिकल कॉलेज और 36 निजी मेडिकल कॉलेज सहित कुल 80 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 16 असेवित जिलों में मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए पीपीपी मोड की नीति अपनाई गई है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य है जिसने 56 लाख 50 हजार से अधिक परिवारों को आवास की सुविधा प्रदान की गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 36 लाख 15 हजार आवास स्वीकृत हुए हैं, जिसमें से 35 लाख 77 हजार पूर्ण हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि 2017 में जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर विश्वास जताया और आज आठ वर्षों में राज्य की जीएसडीपी दोगुना से अधिक होकर 2024- 25 में 27.51 लाख करोड़ होने जा रही है। वित्त वर्ष 2025-26 में 30.77 लाख करोड़ जीएसडीपी का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि उप्र अब देश का ग्रोथ इंजन है। उन्होंने कहा कि 2017 के पहले प्रदेश में एक सप्ताह तक बिजली नहीं आती थी, आज आठ वर्षों में ग्रामीण क्षेत्रों में 18 से 20 घंटे और शहरी क्षेत्र में 20 से 22 घंटे और महानगरों में 24 घंटे बिजली की आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने कहा कि शहरों में जले ट्रांसफार्मर 8 घंटे के अंदर बदलने के लिए आदेश जारी किए गए हैं। गांव में 24 घंटे के अंदर ट्रांसफार्मर को बदल दिया जाए यदि नए ट्रांसफार्मर न उपलब्ध हो तो वहां ट्राली लगाकर बिजली की आपूर्ति की जाए। प्रदेश सरकार की उपलब्धियां को गिनाते हुए श्री शर्मा ने कहा कि नगरी विकास में जहां पैसों के अभाव में पहले कोई काम नहीं होता था, आज सभी नगर निकायों को जितना धन की जरूरत पड़ती है उतना धन तुरंत मिलता है और काम भी हो रहा है।

इस अवसर पर एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंशू, मडियाहू विधायक डॉक्टर आरके पटेल, महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपा शंकर सिंह, भाजपा के जिला अध्यक्ष पुष्पराज सिंह, मछली शहर भाजपा के जिला अध्यक्ष डॉ अजय सिंह, नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मनोरमा मौर्य, जिलाधिकारी डॉक्टर दिनेश चंद, पुलिस अधीक्षक डॉक्टर कौस्तुभ, मुख्य विकास अधिकारी साइ तेजा सीलम सहित जिला स्तरीय सभी अधिकारी मौजूद रहे।