Breaking News

यूपी: दुल्हन मंडप में करती रही थी इंतजार, फेरों से पहले दूल्हा हुआ रफूचक्कर

फिरोजाबाद,  उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद क्षेत्र में दहेज में स्कार्पियो कार की मांग पूरी न होने पर दूल्हा विवाह मंडप में जाने से पहले रफूचक्कर हो गया।

दुल्हन के परेशान परिजनो ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करायी है। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि बीती रात को स्टेशन रोड स्थित गेस्ट हाउस में फर्रुखाबाद से एक युवक की बारात आई थी लेकिन दहेज में दूल्हे की स्कॉर्पियो गाड़ी की मांग पूरी नहीं होने पर दूल्हा शादी के सात फेरों से पहले गायब हो गया।

उन्होने बताया कि शिकोहाबाद के एक गेस्ट हाउस में राजेंद्र यादव की पुत्री विनीता की शादी फर्रुखाबाद निवासी सुरेश यादव के पुत्र ललित यादव के साथ संपन्न हो रही थी। बारात चढ़ने के बाद जयमाला का कार्यक्रम भी हंसी-खुशी संपन्न हो गया था लेकिन शुक्रवार को सुबह जब शादी के साथ फेरों के लिए दूल्हे को बुलवाया गया तो दूल्हा गेस्ट हाउस से गायब था।

लड़की के पिता ने बताया कि दूल्हा ललित यादव ने अचानक स्कॉर्पियो गाड़ी की मांग रख दी गई थी जो एकदम संभव नहीं थी इसीलिए वह नाराज होकर गायब हो गया है। फोन नंबर पर भी संपर्क नहीं हो रहा है। दूल्हे के गायब होने की जानकारी मिलने पर अन्य बाराती और परिजन भी धीरे-धीरे गायब हो गए जबकि दुल्हन शादी के फेरों के लिए मंडप में दूल्हे का इंतजार ही करती रही।

लड़की के पिता द्वारा ललित यादव और सुरेश यादव के खिलाफ दहेज की खातिर शादी तोड़ने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई है ‌ थाना प्रभारी हरिवेन्द्र मिश्रा का कहना है पीड़ित कन्या पक्ष की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।