यूपी बोर्ड परीक्षा में सामूहिक नकल गिरोह का भंडाफोड़, एसटीएफ ने छह आरोपियों को किया गिरफ्तार

लखनऊ, उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 में सामूहिक नकल कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में स्कूल प्रबंधक का पुत्र, शिक्षक और सॉल्वर शामिल हैं। यह कार्रवाई मैनपुरी जिले के थाना बेबर क्षेत्र में की गई।
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि श्री महाराज सिंह स्मारक इंटर कॉलेज, जोत में विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य, शिक्षक और सॉल्वर की मिलीभगत से परीक्षार्थियों से मोटी रकम लेकर नकल कराई जा रही है। सूचना पर एक दिन पूर्व सोमवार को एसटीएफ टीम ने उप जिलाधिकारी, डीआईओएस और स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए कॉलेज से करीब 300 मीटर दूर कीकर के जंगल में छापेमारी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष, अरुण कुमार उर्फ टिंकू, अंकित उर्फ प्रशांत, शिवा चौहान उर्फ शिव प्रताप सिंह, अवनीत उर्फ अभिजीत सिंह और अनूप कुमार के रूप में हुई है। इनके कब्जे से इंटरमीडिएट गणित की लिखित उत्तर पुस्तिकाएं, जीव विज्ञान का प्रश्नपत्र, सीटिंग प्लान, परीक्षार्थियों का विवरण और छह मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि स्कूल प्रशासन की मिलीभगत से सॉल्वर परीक्षार्थियों की कॉपियां लिखते थे और हल की गई उत्तर पुस्तिकाएं परीक्षा समाप्त होने से पहले बदल दी जाती थीं। इसके बदले परीक्षार्थियों से प्रति पेपर करीब 5 हजार रुपये वसूले जाते थे।
इस मामले में थाना बेबर, जनपद मैनपुरी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।





