प्रयागराज, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुये कहा कि उत्तर प्रदेश में तुष्टिकरण की राजनीति का अंत हो चुका है और 2017 से शुरु हुयी विकास यात्रा आज चरम पर है।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को यहां पत्रकारों से कहा कि वर्ष 2012 से 2017 के बीच सपा सरकार ने तुष्टिकरण की राजनीति को हवा दी और प्रदेश का नुकसान किया मगर 2017 के बाद राज्य में विकास की राजनीति की हवा चली और तुष्टिकरण का अंत हो गया।
नागपुर में औरगंजेब की कब्र विवाद पर उन्होने कहा कि नागपुर हिंसा के दोषियों को महाराष्ट्र सरकार बख्शेगी नहीं और उत्तर प्रदेश भी औरगंजेब का महिमा मंडन करने वाले लोगों को नहीं बख्शेगा। उन्होने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव छत्रपति शिवाजी महराज को महान बताते हैं मगर अपने विधायक अबू आजमी के खिलाफ कार्रवाई नहीं करते। अच्छा तो यह होता कि वह आजमी को पार्टी के बाहर का रास्ता दिखाते।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रयागराज महाकुंभ ने दुनिया को भारत की एकता के दर्शन कराये हैं जिसके लिये विशेषकर प्रयागराज के लोग बधाई के पात्र हैं।