यूपी में वृक्षारोपण अभियान ने हासिल किया ‘महा लक्ष्य’

लखनऊ, जनसहभागिता के जरिये पर्यावरण संरक्षण और धरा को हरा भरा बनाये रखने का उत्तर प्रदेश का संकल्प बुधवार शाम छह बजे पूरा हो गया जब एक पेड़ मां के नाम 2.0 थीम पर पूरे राज्य में शाम छह बजे तक 37 करोड़ से अधिक पौधे रोप दिये गये।
इस अभियान में लोगों ने उत्साह और उमंग के साथ हिस्सा लिया। स्कूल,कालेज,खेल के मैदान,नदियों के तट पर, पार्को में,एक्सप्रेस वे और राजमार्गो के किनारें तड़के से ही पौधे रोपने का कार्य शुरु हो गया था और शाम ढलते ढलते उत्तर प्रदेश के लोगों ने निर्धारित 37 करोड़ पौधारोपण के लक्ष्य को हासिल कर लिया।
मुख्य वन संरक्षक पीपी सिंह ने विज्ञप्ति जारी कर कहा कि शाम छह बजे तक पूरे प्रदेश में 37 करोड़ नौ लाख 15 हजार 712 पौधे रोपे जा चुके थे जो कि एक दिन में सर्वाधिक वृक्षारोपण का एक रिकार्ड है। वृक्षारोपण अभियान में युवाओं के अलावा बच्चों,महिलाओं और बुजुर्ग भी बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज सुबह अयोध्या में हनुमानगढ़ी और रामलला के दर्शन के उपरांत दशरथ पथ पर स्थित रामपुर हलवारा गांव गये और ‘एक पेड़ मां के नाम’ थीम पर पौध रोपण किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने आजमगढ़ में भी पौधरोपण किया। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बाराबंकी में पौधरोपण किया जबकि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौय मेरठ में और उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक लखनऊ में पौधरोपण किया। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना विधानभवन में पौधरोपण किया।
पौधरोपण अभियान में 26 विभागों और 25 करोड़ नागरिकों की सहभागिता रही। वन, वन्यजीव व पर्यावरण विभाग मिलकर सर्वाधिक 14 करोड़ से अधिक पौधे रोपे। पौधरोपण महाभियान में जनप्रतिनिधियों की भी सहभागिता रही। इस दौरान अटल वन, एकता वन, एकलव्य वन, ऑक्सी वन, शौर्य वन, त्रिवेणी वन, गोपाल आदि वन की स्थापना की गयी। 13 प्रमुख नदियों समेत सभी नदियों के समीप कुल 21313.52 हेक्टेयर में तीन करोड़ 56 लाख 26 हजार 329 पौधे लगाए गये जबकि सड़क किनारे 1.14 करोड़ और एक्सप्रेसवे के किनारे 2.50 लाख पौधे लगाए गये ।