लखनऊ , समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश के हालात सरकार के नियंत्रण के बाहर हाेने आरोप लगाते हुये कहा कि दंगा, लूट और अराजकता से आम नागरिकों का जीना दूभर हाे गया है।
सपा सचिव एवं मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि प्रदेश के हालात सरकार के नियंत्रण से बाहर हो गये है। दंगा, लूट, अराजकता से आम नागरिक त्रस्त है। कासगंज में हुई घटना से भारतीय जनता पार्टी सरकार अपनी जिम्मेदारी से भाग नहीं सकती।
उन्होने कहा कि राज्यपाल राम नाईक ने इस घटना को प्रदेश के लिये कलंक बताया है। नाईक ने पिछले सप्ताह सपा के प्रतिनिधिमण्डल से मुलाकात के दौरान कहा था कि प्रदेश में कानून व्यवस्था में सुधार की जरूरत है। कानून व्यवस्था बनाये रखना सरकार की संवैधानिक जिम्मेदारी है।
मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार के धार्मिक उन्माद और जातीय वैमनस्य को प्रोत्साहन देने की साजिश ही कासगंज की घटना है। यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिये काला धब्बा है। भाजपा की राजनीति इसी तरह के बंटवारे की रही है। उसी का नतीजा है कि लोग मारे जा रहे है। जनजीवन अस्तव्यस्त है। जान.माल की कोई सुरक्षा नहीं है।