यूपी रेरा की बैठक में आठ नई रियल एस्टेट परियोजनाओं को मंजूरी

लखनऊ, उत्तर प्रदेश रियल एस्टेट विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) की 185वीं बैठक लखनऊ मुख्यालय में आयोजित हुई। बैठक में आठ नई रियल एस्टेट परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। इन परियोजनाओं में 1,948 करोड़ का निवेश होगा और इनके माध्यम से कुल 3,005 नई इकाइयाँ बनाई जाएंगी।

प्राधिकरण की 185वीं बैठक अध्यक्षता यूपी रेरा के अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी ने की। बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों और विषय विशेषज्ञों ने भाग लिया। अधिकारियों ने बताया कि, “ बैठक में 8 नई रियल एस्टेट परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। इन परियोजनाओं में 1,948 करोड़ का निवेश होगा और इनके माध्यम से कुल 3,005 नई इकाइयाँ बनाई जाएंगी। इनमें फ्लैट्स, अपार्टमेंट्स, विला, प्लॉट्स, दुकानों तथा अन्य वाणिज्यिक स्थलों का समावेश है।”

उत्तर प्रदेश के लखनऊ (3 परियोजनाएँ), प्रयागराज, आगरा, झाँसी, नोएडा और फिरोज़ाबाद (प्रत्येक 1 परियोजना) में फैली हुई हैं। यह वितरण न केवल बड़े शहरों में रियल एस्टेट की निरंतर प्रगति को दर्शाता है, बल्कि झाँसी और फिरोज़ाबाद जैसे उभरते शहरी केंद्रों को भी विकास की मुख्यधारा में ला रहा है। इन परियोजनाओं के अंतर्गत बनने वाली 3,005 नई इकाइयाँ राज्य में आवास उपलब्धता को सशक्त बनाएंगी। इनमें किफायती आवास, मध्यम आय वर्ग के फ्लैट्स, विला और प्लॉट्स शामिल हैं।

परियोजनाओं में होने वाला 1,948 करोड़ का निवेश न केवल निर्माण क्षेत्र में बल्कि सीमेंट, स्टील, टाइल्स, पेंट, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक्स, होम डेकोर और वित्तीय सेवाओं जैसे सहायक उद्योगों में भी रोज़गार और व्यावसायिक अवसरों को बढ़ावा देगा।भूसरेड्डी ने कहा, “185वीं बैठक में 8 परियोजनाओं की मंजूरी से यह स्पष्ट होता है कि उत्तर प्रदेश का रियल एस्टेट क्षेत्र लगातार सशक्त और भरोसेमंद दिशा में आगे बढ़ रहा है। 1,948 करोड़ का निवेश और 3,000 से अधिक नई इकाइयों की स्वीकृति राज्य की आर्थिक प्रगति और आवासीय विकास दोनों के लिए महत्वपूर्ण है।”

Related Articles

Back to top button