यूपी रोइंग एसोसियेशन के प्रतिनिधिमंडल ने की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से शिष्टाचार भेंट

लखनऊ, उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की और खेल की प्रगति, योजनाओं और भविष्य की रणनीतियों की जानकारी दी।

एसोसिएशन के सचिव सुधीर शर्मा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि गोरखपुर के रामगढ़ताल में 20वें एशियन गेम्स की तैयारी के लिए भारतीय महिला रोइंग टीम का 51 दिवसीय राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। इस शिविर में खिलाड़ियों को एनआईएस कोच और एशियन रोइंग चैंपियनशिप के स्वर्ण पदक विजेता राजेश कुमार यादव द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

प्रतिनिधिमंडल ने ‘खेलो इंडिया’ योजना के तहत संचालित “अस्मिता” (एचीविंग स्पोर्टस माइलस्टोन थ्रु एक्शन) पहल की जानकारी देते हुए बताया कि इसका उद्देश्य अधिक से अधिक महिलाओं को रोइंग खेल से जोड़ना और उन्हें प्रोत्साहित करना है।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने इन प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल प्रदेश के खेल विकास, विशेषकर महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने रोइंग एसोसिएशन के कार्यों को सराहनीय बताया।

इस अवसर पर एसोसिएशन की ओर से राज्यपाल को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। प्रतिनिधिमंडल में पीयूष सिंह चौहान, सर्व मित्र भट्ट, संदीप अरोड़ा, पुनीत अग्रवाल, राकेश शुक्ला, आलोक सोती और देवेन्द्र शुक्ला सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button