योगी सरकार पर कांग्रेस का हमला, बजट को बताया निराशाजनक और दिशाहीन

लखनऊ,  उत्तर प्रदेश के बजट पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे निराशाजनक और दिशाहीन बताया है। नेता विधानमंडल दल कांग्रेस आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कहा कि यह बजट पूरी तरह से “सूखा और खाली” है, जिसमें प्रदेश के युवाओं, किसानों, महिलाओं और छोटे व्यापारियों के लिए कुछ भी नया नहीं है।

आराधना मिश्रा मोना ने आरोप लगाया कि सरकार ने इतने बड़े बजट के बावजूद कोई ठोस नई योजना पेश नहीं की। उन्होंने कहा कि करीब 9 लाख 12 हजार करोड़ रुपये के बजट में नई योजनाओं के नाम पर महज 43 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जो कुल बजट का 5 प्रतिशत भी नहीं है। उनके मुताबिक यह बेहद निराशाजनक है और इससे सरकार की प्राथमिकताएं स्पष्ट होती हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार ने पुरानी योजनाओं को ही दोहराया है और उन्हें ही उपलब्धि के तौर पर पेश किया जा रहा है। युवाओं के रोजगार, किसानों की आय बढ़ाने, महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण तथा छोटे व्यापारियों को राहत देने के लिए बजट में कोई ठोस प्रावधान नजर नहीं आता।

कांग्रेस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि वित्तीय घाटे को पूरा करने के लिए सरकार आम जनता पर आर्थिक बोझ डालने की तैयारी में है। उन्होंने कहा कि यह सरकार का अंतिम बजट है और प्रदेश की जनता अब बदलाव का मन बना चुकी है।

आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को सदन से सड़क तक उठाती रहेगी और प्रदेश के विकास के लिए वैकल्पिक नीति प्रस्तुत करेगी।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-2027 के लिए 9,12,696 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। बजट भाषण में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि यह बजट राज्य के समग्र, संतुलित और अवस्थापना-प्रधान विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

वित्त मंत्री ने बताया कि नीति आयोग द्वारा जनवरी 2026 में जारी एक्सपोर्ट प्रिपेयर्डनेस इंडेक्स-2024 में उत्तर प्रदेश ने देश के लैंड-लॉक्ड राज्यों में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, जो राज्य की निर्यात क्षमता और औद्योगिक प्रगति का प्रमाण है।

Related Articles

Back to top button