योगी सरकार हर क्षेत्र में फेल : अखिलेश यादव

लखनऊ, समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर प्रदेश की स्वास्थ्य, शिक्षा और कानून-व्यवस्था को बर्बाद करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार हर क्षेत्र में फेल साबित हुई है और जनता अब बदलाव के लिए तैयार है।

मंगलवार को पार्टी की तरफ से जारी बयान में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार झूठे आंकड़ों के सहारे जनता को भ्रमित कर रही है। उन्होंने कहा, “महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है। अस्पतालों में दवा और इलाज उपलब्ध नहीं है, स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं। किसानों को खाद और बीज नहीं मिल रहा, जबकि जंगली जानवरों के हमलों से लोग जान गंवा रहे हैं। अपराधी खुलेआम घटनाएं कर रहे हैं और कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है।”

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिला अपराध और अपहरण के मामलों की संख्या देश में सबसे अधिक है। भाजपा सरकार बहन-बेटियों को सुरक्षा देने में नाकाम रही है। भ्रष्टाचार हर विभाग में फैला हुआ है और गरीबों, दलितों तथा पीड़ितों के साथ अन्याय बढ़ता जा रहा है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार में विकास कार्य ठप हो गए हैं और बजट की लूट व बंदरबांट हो रही है। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा सरकार की नाकामियों से तंग आ चुकी है और 2027 के विधानसभा चुनाव का इंतजार कर रही है।

Related Articles

Back to top button