Breaking News

रक्षा मंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री ने गौर के निधन पर जताया शोक

नयी दिल्ली, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तथा पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता बाबूलाल ग़ौर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

श्री सिंह ने अपने शोक संदेश में कहा,“श्री गौर के निधन से मुझे गहरी वेदना हुई है। सरकार और संगठन में विभिन्न पदों पर रहे बाबूलालजी कुशल संगठक और कर्मठ प्रशासक थे। काम करने की उनकी लगन और ललक लोगों को प्रेरणा देती थी। ईश्वर उनके परिवार को यह दुःख सहन करने की शक्ति दें।”

श्री शाह ने ट्वीट कर कहा,“श्री गौर जी के निधन का दुखद समाचार सुनकर गहरी वेदना हुई। उनका पूरा जीवन प्रदेश की जनता की सेवा में समर्पित रहा। श्री गौर ‘भारतीय मजदूर संघ’ के संस्थापक सदस्य थे। उन्होंने आपातकाल का पुरजोर विरोध किया जिसके लिए उन्हें 19 माह जेल में भी रहना पड़ा। उन्होंने ‘गोवा मुक्ति आन्दोलन’ में भी सक्रिय भूमिका निभाई। मध्यप्रदेश में भाजपा को सशक्त करने और जनता के हितों के लिए उनके संघर्ष सदैव याद किये जायेंगे। मैं उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे।”

श्री नड्डा ने श्री गौर को पार्टी के प्रति समर्पित नेता बताते हुए कहा,“ श्री गौर जी ‘भारतीय मजदूर संघ’ के संस्थापक सदस्य रहे और उन्होंने ‘गोवा मुक्ति आंदोलन’ में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जनता की सेवा एवं राष्ट्र के विकास के प्रति उनका समर्पण सदैव हम सभी कार्यकर्ताओं को प्रेरणा प्रदान करता रहेगा। जनसंघ काल के वरिष्ठ नेता, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री के निधन से उनका मन व्यथित है। श्री गौर ने अपना सम्पूर्ण जीवन राज्य के विकास को समर्पित किया। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं शोकाकुल परिजनों को दुःख सहने की शक्ति दें।” गौरतलब है कि श्री गौर का बीमारी के कारण बुधवार को भोपाल में निधन हो गया।