Breaking News

रक्षा मंत्री का कार्यभार संभालने से पहले राजनाथ सिंह ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि

नयी दिल्ली नव नियुक्त रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज सुबह राष्ट्रीय युद्ध स्मारकर जाकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। राजनाथ को आज अपराह्न में रक्षा मंत्री का कार्यभार संभालना है।

इसके पहले वह सुबह आठ बजे इंडिया गेट के निकट बने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पहुंचे और शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उनके साथ तीनों सेनाओं के प्रमुखों ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए पुष्प अर्पित किये।  इसके बाद श्री सिंह ने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक में शहीदों की विभिन्न दीर्घाओं को देखा और अधिकारियों के साथ युद्ध स्मारक से संबंधित विषयों पर बातचीत की।

 सिंह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की पिछली सरकार में गृह मंत्री थे और नयी सरकार में उन्हें रक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गयी है। वह उत्तर प्रदेश की लखनऊ संसदीय सीट से चुनाव जीत कर संसद पहुंचे हैं।