Breaking News

रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने साइबर स्पेस में महिलाओं की सुरक्षा पर जोर दिया

नयी दिल्ली, रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने साइबर स्पेस में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के महत्व पर बृहस्पतिवार को जोर दिया क्योंकि यह तेजी से एक ऐसा माध्यम बन रहा है जिसके जरिए महिलाएं काम कर रही हैं। रक्षा मंत्री विश्व के प्रधान न्यायाधीशों के 19वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में बोल रही थीं। इस सम्मेलन का आयोजन लखनऊ के सिटी मोंटेसरी स्कूल द्वारा किया गया है। उन्होंने कहा कि साइबर स्पेस में महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे से निपटना होगा।

निर्मला सीतारमण ने कहा कि महिलाओं का स्थान सिर्फ उनका घर नहीं है। पार्क, सार्वजनिक परिवहन या थिएटर जैसे सार्वजनिक स्थान जो पुरुषों के लिए उपलब्ध हैं, वहां भी महिलाओं को सुरक्षित महसूस होना चाहिए। वे सिर्फ सुरक्षित ही नहीं रहें बल्कि उन्हें सुरक्षित महसूस भी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि साइबर स्पेस में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता है। साइबर स्पेस तेजी से ऐसा माध्यम बन रहा है जिसके जरिए महिलाएं काम कर रही हैं या उत्पादक समय देती हैं।

उन्होंने कहा कि अगर आभासी दुनिया महिलाओं के लिए सुरक्षित नहीं होगी तो हम एक बहुत ही मुश्किल स्थिति में होंगे। रक्षा मंत्री ने कहा कि साइबर स्पेस में महिलाओं की सुरक्षा पर विचार करना महत्वपूर्ण है। उन्होंने मीडिया से महिलाओं की सुरक्षा के महत्व के बारे में जागरूकता फैलाने में मदद करने का आग्रह किया।