रसोई गैस की कीमत में बढोत्तरी के खिलाफ कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

लखनऊ,  रसोई गैस की कीमतों में प्रस्तावित बढ़ोत्तरी के विरोध में उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने गुरूवार को राज्यव्यापी धरना प्रदर्शन किया।

लखनऊ में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने पार्टी के प्रदेश दफ्तर से विधानसभा का रूख किया हालांकि सुरक्षा बलों ने उन्हे विधानसभा तक जाने से रोक दिया जिसके विरोध में कांग्रेसी धरने पर बैठ गये।

बृजलाल खाबरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकारों के देश और प्रदेश की सत्ता में आने के बाद महंगाई अपने चरमोत्कर्ष पर है। खाद्य वस्तुओं आटा, दाल, सरसो के तेल इत्यादि के दाम आसमान छू रहे हैं मगर सरकार को जनता की कोई परवाह नहीं है। वह अपने पूंजीपति मित्रों को लाभ पहुंचाने की दिशा में कार्य कर रही है जो कि देश की भोली भाली जनता पर सीधा कुठाराघात है।

उन्होने कहा कि कांग्रेस ने जनहित के मुद्दों पर सदन से लेकर सड़क तक संघर्षरत रही है। पार्टी गैस के दामों में हुई अप्रत्याशित वृद्धि का सख्त विरोध करती है। यदि सरकार जल्द से जल्द बढ़े हुए दामों को वापस नहीं लेती है तो कांग्रेस पार्टी अपने प्रदर्शन का और भी अधिक उग्र रूप प्रदान करेगी।

प्रदर्शन में प्रांतीय अध्यक्ष नसीमुद्दीन सिद्दीकी, नकुल दुबे, पूर्व विधायक श्याम किशोर शुक्ला, इन्दल रावत, प्रदेश महासचिव सुबोध श्रीवास्तव, प्रदेश सचिव बृजेश सिंह, मीडिया संयोजक अशोक सिंह समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे।

उधर,कानपुर,प्रयागराज,जौनपुर,देवरिया और गोरखपुर समेत राज्य के कई इलाकों में कांग्रेस ने गैस की कीमतों में बढोत्तरी के खिलाफ प्रदर्शन किये।

Related Articles

Back to top button