राजग सरकार के कार्यकाल में बढ़े रेल हादसे: डिंपल यादव

मैनपुरी, समाजवादी पार्टी की सांसद सांसद डिंपल यादव ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर प्रहार किया और कहा कि भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के आने बाद रेल बजट कम कर दिया गया, जिसके कारण ट्रेन दुर्घटनाएं ज्यादा हो रही है। मैनपुरी जिले के नगला बरी गांव में शहीद रामपुत यादव की प्रतिमा का अनावरण करने पँहुचीं श्रीमती यादव ने कहा कि रेलवे को अब कम बजट मिलता है,जबकि पिछली सरकारों में रेलवे का भारी-भरकम बजट होता था।भाजपा सरकार में रेल हादसे बहुत बढ़ गए हैं। रेल हादसों के बाद पहले के रेल मंत्री इस्तीफा दे देते थे,लेकिन अब हादसों की जिम्मेदारी लेने से बचते हैं।केंद्र सरकार हर मामले में विफल साबित हुई है।
उन्होंने कहा कि बिहार के चुनाव में राजग के पास मुख्यमंत्री का चेहरा नहीं है। बिहार की जनता इस बार परिवर्तन करने जा रही है और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेतृत्व में वहां महागठबंधन की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी का कार्यकर्ता तमाम तरह के उत्पीड़न और अत्याचार को झेल रहे हैं। भाजपा सरकार सपा कार्यकताओं का उत्पीड़न कर रही है। उन्हें झूठे मामलों में फंसाया जा रहा है।प्रदेश में जनता त्रस्त है,जनता को न्याय नहीं मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि मैनपुरी के लोग देश की खातिर हर युद्ध में शहीद हुए हैं। मैनपुरी के लोग सेना में काफी संख्या में हैं और सेना में रहकर देश की सेवा में लगे हैं। देश की खातिर शहीद हुए रामपुत यादव को मैनपुरी के लोग नमन करते हैं।





