Breaking News

राजनीतिक दिग्गज थे फर्नांडिस -अरूण जेटली

नयी दिल्ली,  केंद्रीय मंत्री अरूण जेटली ने वरिष्ठ समाजवादी नेता जॉर्ज फर्नांडिस को श्रद्धांजलि देते हुए  कहा कि वह बिल्कुल अलग किस्म के नेता थे और उनके निधन से भारत ने एक दिग्गज नेता खो दिया है। पूर्व रक्षा मंत्री फर्नांडिस का लंबी बीमारी के बाद मंगलवार को निधन हो गया था। वह 88 साल के थे। जेटली ने फेसबुक पोस्ट पर लिखा कि वरिष्ठ समाजवादी नेता जॉर्ज फर्नांडिस के निधन से भारत ने एक राजनीतिक दिग्गज खो दिया है। जॉर्ज एक अलग किस्म के नेता थे। उनमें अकेले खड़ा होने, कोई रूख अख्तियार करने और उस पर टिके रहने की क्षमता थी।’’

जेटली ने कहा कि वह एक राजनीतिक कार्यकर्ता, असामान्य नेता, प्रभावशाली श्रमिक नेता, एक सांसद और सबसे बढ़कर एक असंतुष्ट थे जिनका सामना करने से कई लोग घबराते थे। जेटली ने कहा कि वह करिश्माई नेताओं में से एक थे और वरिष्ठ लोहियावादियों में से आखिरी थे। उन्होंने कहा कि फर्नांडिस के मेंटर राममनोहर लोहिया ने हमेशा नेहरू विरोधी , कांग्रेस विरोधी राजनीति का अपना स्वरूप कायम रखा और मशहूर नारा ‘कांग्रेस हटाओ देश बचाओ ’ दिया।

उन्होंने कहा कि हालांकि ,डॉ लोहिया के बाद के दौर में भारतीय राजनीति के एक प्रमुख ध्रुव के रूप में भाजपा का उदय हुआ और कई लोहियावादियों ने अपना निषेध त्याग दिया और वे कांग्रेस के साथ राजनीतिक गठजोड़ करने लगे। वामपंथी भी पीछे नहीं रहे। उन लोगों ने इसे पुन: ध्रुवीकरण कहा। जेटली ने कहा कि इनमें एक सम्मानजनक अपवाद सिर्फ जॉर्ज फर्नांडिस थे। वह जन्मजात लोहियावादी थे और जीवनपर्यंत वैसे ही रहे। उन्होंने कांग्रेस विरोधी अपने रूख से कभी समझौता नहीं किया।