राज्यपाल आनंदीबेन से राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय के प्रशिक्षु अधिकारियों की शिष्टाचार भेंट

लखनऊ, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से सोमवार को लखनऊ स्थित जनभवन में नेशनल डिफेंस कालेज के प्रशिक्षु अधिकारियों और भारत सरकार की सिविल सेवाओं के वरिष्ठ अधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा, शासन व्यवस्था और विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद हुआ।

इस मुलाकात में भारतीय सशस्त्र सेनाओं के तीनों अंगों के अधिकारियों के साथ-साथ मालदीव, ब्राजील, श्रीलंका, आर्मेनिया और मंगोलिया के सैन्य अधिकारी भी शामिल रहे। राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय के एक वर्षीय पाठ्यक्रम के तहत अधिकारी राष्ट्रीय सुरक्षा, स्वास्थ्य, शासन व्यवस्था और न्याय प्रणाली से जुड़े विभिन्न पहलुओं का अध्ययन करते हैं तथा विभिन्न राज्यों का भ्रमण कर स्थानीय मुद्दों का अध्ययन करते हैं।

संवाद के दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अपने प्रशासनिक और सार्वजनिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए सरकारी योजनाओं के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी योजना की सफलता के लिए अधिकारियों में प्रतिबद्धता (कमिटमेंट) जरूरी है और कार्य करने में उम्र कभी बाधा नहीं होनी चाहिए।

राज्यपाल ने उत्तर प्रदेश में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, आंगनबाड़ी व्यवस्था को मजबूत बनाने, टीबी उन्मूलन अभियान और सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण जैसे जनस्वास्थ्य कार्यक्रमों पर भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन और केजी से पीजी तक समग्र शिक्षा व्यवस्था के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों के नामांकन में लगातार वृद्धि हो रही है और विदेशों से आने वाले विद्यार्थियों की संख्या भी बढ़ी है। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों को मजबूत बनाने के लिए लगभग 60 हजार केंद्रों को किट उपलब्ध कराई गई है।

Related Articles

Back to top button