नोएडा , उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर पुलिस की गोली से घायल जितेंद्र यादव को देखने सेक्टर-62 स्थित फॉर्टिस अस्पताल पहुंचे. यहां पर उन्होंने जितेंद्र के परिजनों से मुलाकात भी की. राज बब्बर ने कहा पहले इनका एनकाउंटर कर देना चाहिए.
नोएडा में यूपी पुलिस पर एक शख्स को फर्जी मुठभेड़ में गोली मारने का आरोप लगा है. पुलिस की गोली का शिकार जितेंद्र यादव के परिवार वालों का कहना है कि यूपी पुलिस ने एक फेक एनकाउंटर में उसे गोली मारी है. राज्यसभा सांसद राज बब्बर ने मीडिया से कहा कि यूपी में सत्तासीन योगी सरकार सिर्फ गोली चलाने का काम कर रही है, काम नहीं कर रही है. उन्होंने कानून व्यवस्था के मुद्दे पर कहा कि खाकी वर्दी में पुलिस वाले बदमाश घूम रहे हैं, पहले इनका एनकाउंटर होना चाहिए. उन्होने कहा कि योगी सरकार फ़र्ज़ी एनकाउंटर करा रही है.
राज बब्बर ने कहा कि योगी सरकार ने 10 माह में 900 एनकाउंटर किया है. जिस पर कोई मुकदमा नहीं है उस पर गोली चलाई गई है. अभी सुमित नाम के व्यक्ति को भी इसी अधिकारी ने गोली मारकर एनकाउंटर किया था. इसमें रंजिश का मामला नहीं है, क्योंकि घटना के वक़्त 5-6 पुलिसकर्मी साथ थे. दुश्मनी होती तो इतने पुलिसकर्मियों को मिलकर गोली चलाने की जरूरत नहीं पड़ती. यह फ़र्ज़ी एनकाउंटर की कोशिश थी. इसकी जांच निष्पक्ष होनी चाहिए. मैं हर तरह से पीड़ित परिवार के साथ हूं. जितेंद्र को गोली मारने के मुद्दे पर उन्होंने कहा चार पुलिसकर्मी नहीं, बल्कि पूरा थाना सस्पेंड होना चाहिए. अधिकारियों की मिलीभगत के बगैर यह नहीं हो सकता.