रामनगर के टेड़ा क्षेत्र में ग्रे हॉर्नबिल पक्षी दिखायी देने से वन्यजीव प्रेमियों में खुशी की लहर

रामनगर, उत्तराखंड में रामनगर वन प्रभाग के अंतर्गत आने वाले टेड़ा क्षेत्र में लंबे समय बाद ग्रे हॉर्नबिल पक्षी के दिखायी देने से वन्यजीव प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है।
इस पक्षी के दिखाई देने से क्षेत्र के वन्यजीव प्रेमियों और प्रकृति प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है,बताया जा रहा है कि हाल ही में टेड़ा के वन क्षेत्र में स्थानीय लोगों और पक्षी प्रेमियों ने ग्रे हॉर्नबिल को पेड़ों पर विचरण करते हुए देखा, जिसके बाद इसकी तस्वीरें और जानकारी तेजी से साझा की जाने लगी। इस पक्षी की मौजूदगी को जंगल के स्वस्थ पारिस्थितिकी तंत्र का सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
वन्यजीव प्रेमी दीप ने इस विषय में जानकारी देते हुए बताया कि ग्रे हॉर्नबिल सामान्यतः कॉर्बेट और उसके आसपास के वन क्षेत्रों में पाए जाते हैं, लेकिन यह पक्षी बहुत कम दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि इनकी अच्छी खासी मौजूदगी इस पूरे परिक्षेत्र में मानी जाती है, परंतु घने जंगलों और ऊंचे वृक्षों में रहने की प्रवृत्ति के कारण यह आमतौर पर नजर नहीं आते।
दीप के अनुसार, ग्रे हॉर्नबिल का दिखना इस बात का संकेत है कि क्षेत्र का वन वातावरण और जैव विविधता संतुलित है। यह पक्षी मुख्य रूप से फलों, कीटों और छोटे जीवों पर निर्भर रहता है और बड़े पेड़ों वाले शांत वन क्षेत्रों को अपना आवास बनाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय बाद इस अनोखे पक्षी को देखने का अनुभव बेहद खास रहा। वहीं वन विभाग के लिए भी यह एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है कि टेड़ा क्षेत्र में वन्यजीवों की उपस्थिति और प्राकृतिक संतुलन बेहतर स्थिति में बना हुआ है।





