Breaking News

राम मंदिर के कारीगरों को भरपेट मिलेगा भोजन

अयोध्या, श्रीराम की नगरी अयोध्या में श्रीरामजन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर का निर्माण जब तक चलेगा, इस काम में जुटे लोगों को नि:शुल्क पेट भर भोजन मिलता रहेगा।

बाबा जय गुरुदेव का जत्था अपने आध्यात्मिक गुरू उमाकांत जी महाराज की प्रेरणा से इस काम को अंजाम दे रहा है। जब सभी लोग श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के लिए कुछ न कुछ समर्पित कर रहे थे तब उमाकांत जी महाराज ने संकल्प लिया था जब तक मंदिर का निर्माण चलेगा तब तक बाबा जय गुरुदेव का जत्था सभी को भोजन जलपान कराएगा। मंदिर निर्माण में लगे श्रमिकों और कार्यशाला में पत्थर तराशने वालों को प्रारम्भ से ही भोजन इसी जत्थे के द्वारा पहुंचाया जा रहा है। इसके अलावा दोनों समय जलपान की भी व्यवस्था है। इसके साथ ही सुरक्षा में लगे वर्दीधारियों और अयोध्या धाम के भिखारियों को भी भोजन दिया जाता है। बड़े वाहन के अलावा साईकिल पर डिब्बे रखकर खाना, चाय-कॉफी आदि पहुँचाई जाती है। चौराहे-चौराहे मिलते, पुलिस वालों को भी सेवा दी जाती है।

बाबा जय गुरुदेव का जत्था हर घर में चुटकी भर राशन योजना से होता है। साथ ही लोग दक्षिणा भी देते है। बाबा जय गुरुदेव से जुड़े परिवारों में दोनों समय भोजन पकाने से पहले चुटकी-चुटकी भर राशन, आटा, दाल, चावल आदि अलग-अलग पात्र में इक_ा किया जाता है। साथ ही तेल, ईंधन आदि जुटाने में साथ में मिलने वाली दक्षिणा काम में आती है।

भोजनालय में केवल उन्हीं की सेवा लगाई जाती है जो नामधारी हैं और सभी व्यसन से मुक्त हैं। इस समय बाबा जय गुरुदेव के इस जत्थे का भोजनालय कारसेवकपुरम में चल रहा है। यही से मंदिर निर्माण श्रमिकों और न्यास कार्यशाला में कार्य करने वालों को भोजन, जलपान आदि की आपूर्ति की जाती है। व्यवस्था में 45 लोग लगे हैं। इस समय सेवा में लगी टीम में जगदीश पटेल, पातीराम, आयुष अग्निहोत्री, शोभा राम, जग्गू राम आर्य आदि शामिल हैं।