रायबरेली:जायदाद के लिए पिता की हत्या का षडयंत्र रचने वाले दो कलयुगी बेटे गिरफ्तार

रायबरेली, उत्तर प्रदेश में रायबरेली के डीह इलाके में जायजाद के लिए रिश्तों को तार -तार करते हुए अपने पिता की हत्या का षडयंत्र रचने वाले दो कलियुगी पुत्रों को पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया। पुलिस क्षेत्राधिकारी सलोन यदवेन्द्र बहादुर पाल ने रविवार को बताया कि डीह इलाके में जायजाद के लिए सुपारी देकर अपने ही पिता की हत्या का षड्यंत्र रचने वाले दो कलियुगी पुत्रों अशोक कुमार और अभय चन्द्र पुत्रगण रतिपाल को आज क्षेत्रीय पुलिस सर्विलांस और एसओजी दल ने पुख्ता सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के बिरनवा परसदेपुर रोड से गिरफ्तार किया है।
बताया गया कि रतिपाल साहू के छह बेटे है जिसमे से तीन बेटों अशोक, अभय और धर्मचंद से उसका विवाद चल रहा था जिसके कारण उन्होंने पिता की जायजाद में दखल रखने और बेदखल न किये जाने के क्रम में प्रतापगढ़ के शूटर विजय कुमार उपाध्याय उर्फ खूंटी को पिता और भाई की हत्या के लिए 50 हज़ार रुपये की सुपारी पर तय किया। जिसके एवज में 50 हज़ार में से 5 हज़ार पहले दिए गए और शेष धनराशि काम होने के बाद देना तय हुआ।
बताया गया कि बीते मंगलवार को जब पीड़ित रतिपाल अपनी पत्नी के साथ खेत से आ रहा था तभी दो अज्ञात लोगों ने उस पर गोली चला दी जो कि उसकी जांघ में लगी। जिसके बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस के अनुसार घटना के समय रतिपाल के आरोपी पुत्र दिल्ली में ही थे और गोली मारने की सूचना विजय उर्फ खूंटी ने फोन पर दी जिसके बाद वह लोग थाना क्षेत्र के बिरनवां परसदेपुर रोड से अमेठी जिले जाने के लिए साधन का इंतजार कर रहे थे कि पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अपने सगे पिता को बेदखली के मुकदमे से हत्या कर हटाने की योजना बनाने वाली कलियुगी संतानों का खुलासा पुलिस ने गोलीकांड के चार दिन बाद आखिरकार कर ही लिया। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए दोनो आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।