रायबरेली में दहेज हत्या के आरोप में तीन गिरफ्तार

रायबरेली, उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र में दहेज हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में रामनेश (ससुर), सचिन (पति) और मायादेवी (सास) शामिल हैं, जो सभी ग्राम देदौर के निवासी हैं। इन्हें चंदई रघुनाथपुर मोड़ के पास से गिरफ्तार किया गया। उन्होने बताया कि 25 मार्च को चन्द्रिका प्रसाद ने थाना गुरुबख्शगंज में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी पुत्री रीमा (25) की शादी वर्ष 2024 में सचिन से हुई थी। शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष द्वारा उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि 25 मार्च को ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर दी।
सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इलेक्ट्रॉनिक और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।





