रायबरेली में 50 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

रायबरेली, उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के गदागंज क्षेत्र की पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि संदिग्ध व्यक्ति और वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर महमाया चौराहा क्षेत्र से दयाशंकर उर्फ कल्लू निवासी पूरे कतिनका मजरा शोरा गंगाज, थाना हरचंदपुर, जिला रायबरेली को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक देशी तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस .315 बोर तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 309(6) के तहत थाना गदागंज में दर्ज मुकदमे में फरार चलने के कारण उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
बरामदगी के आधार पर थाना गदागंज में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट 1959 की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत करीब 16 आपराधिक मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। पुलिस उसकी लंबे समय से तलाश कर रही थी, जिसमें अब सफलता मिली है।





