राष्ट्रपति मुर्मु के अयोध्या आगमन भव्य बनाने में जुटी योगी सरकार, रामनगरी में व्यापक तैयारियां

लखनऊ/ अयोध्या, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के गुरुवार को प्रस्तावित अयोध्या दौरे को लेकर प्रदेश सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
हिंदू नववर्ष (वर्ष प्रतिपदा) और चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिन राष्ट्रपति रामनगरी पहुंचेंगी, जहां श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में श्रीराम यंत्र की स्थापना करेंगी और वैदिक अनुष्ठानों में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगी। यह आयोजन मंदिर के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ने वाला माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में अयोध्या को स्वच्छ, सुरक्षित और भव्य बनाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। नगर निगम, जिला प्रशासन, पुलिस और अन्य विभाग समन्वय के साथ दिन-रात व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं, ताकि राष्ट्रपति के साथ आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

नगर निगम द्वारा प्रस्तावित मार्गों, मंदिर परिसर, सरयू घाटों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर विशेष सफाई और सौंदर्यीकरण अभियान चलाया जा रहा है। जेटिंग मशीनों से घाटों की धुलाई और आधुनिक स्वीपिंग मशीनों से सड़कों की नियमित सफाई की जा रही है।
शहर के प्रमुख चौराहों और अंडरपासों पर हाईटेक सफाई व्यवस्था लागू की गई है। एंटी-स्मॉग गन के जरिए पानी का छिड़काव कर धूल को नियंत्रित किया जा रहा है, जिससे वातावरण स्वच्छ बना रहे।

श्रद्धालुओं के लिए 81 वाटर कूलर और 25 वाटर कियोस्क स्थापित किए गए हैं, जो 24 घंटे निःशुल्क पेयजल उपलब्ध कराएंगे। भंडारा और सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थलों पर अतिरिक्त वाटर टैंकर भी तैनात किए गए हैं।

फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए अभियान तेज किया गया है। आवारा पशुओं को पकड़कर गोशालाओं में भेजने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं, ताकि यातायात और श्रद्धालुओं की आवाजाही में कोई बाधा न हो।

शहर को पॉलीथीन मुक्त बनाने के लिए जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं।

सरयू घाट, संत तुलसीदास घाट और विभिन्न अंडरपासों पर विशेष लाइटिंग की गई है, जिससे शाम के समय भी क्षेत्र सुरक्षित और आकर्षक दिखाई दे।

राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए लगभग 500 सफाई कर्मियों की तैनाती की गई है, जो लगातार सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। नगर निगम के अधिकारी उनकी निगरानी कर रहे हैं।

नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार के अनुसार, यह दौरा अयोध्या की भव्यता को नई पहचान देगा। वहीं महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि शहर को इस तरह तैयार किया जा रहा है कि यहां आने वाला हर श्रद्धालु स्वच्छता, व्यवस्थाओं और आध्यात्मिक वातावरण का सकारात्मक अनुभव लेकर लौटे।

Related Articles

Back to top button