राष्ट्रमंडल खेलों के लिये रवाना हुई भारतीय महिला हॉकी टीम

बार्सिलोना, भारतीय महिला हॉकी टीम सोमवार सुबह बार्सिलोना से इंग्लैंड की राजधानी लंदन के लिये रवाना हो गयी। टीम लंदन से नॉटिंघम जाएगी जहां वह 23 जुलाई को बर्मिंघम रवाना होने से पहले राष्ट्रमंडल खेलों के लिये अभ्यास करेगी।

भारत एक जुलाई से 17 जुलाई के बीच खेले गये एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2022 में चीन के साथ नौंवे स्थान पर रहा था। टीम की कप्तान सविता पूनिया ने कहा कि वह राष्ट्रमंडल खेलों में इस फॉर्म को बदलने के लिये तत्पर हैं।

उन्होंने कहा, “दुर्भाग्यवश हम एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप स्पेन एवं नीदरलैंड 2022 में अपनी क्षमता के अनुसार नहीं खेल सके, लेकिन हम राष्ट्रमंडल खेलों में अपनी फॉर्म को बदलने के लिये तत्पर हैं। हमारे पास अनुभवी और युवा खिलाड़ियों के संतुलन के साथ एक बेहतरीन स्क्वाड है। हम राष्ट्रमंडल खेलों में अपने पिछले प्रदर्शन को पीछे छोड़कर शुरुआत करेंगे और मुझे यकीन है कि हम प्रतियोगिता की बेहतरीन टीमों का मुकाबला कर सकेंगे।”

सविता ने कहा, “हमें अपने खेल के कुछ पहलू सुधारने की ज़रूरत है और हम राष्ट्रमंडल खेलों से पहले उसपर ध्यान देंगे। मुझे लगता है कि हम अच्छा खेल रहे हैं, लेकिन अपने खेल में कुछ बदलाव करके हम नियमितता के साथ मैच जीत सकें।”

भारतीय महिला हॉकी टीम बर्मिंघम में होने वाले राष्ट्रमंडल खेल 2022 में 29 जून को अपने पहले मुकाबले में घाना का सामना करेगी।

Related Articles

Back to top button