राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने शुरू किया विश्व का सबसे बड़ा गृह संपर्क अभियान

लखनऊ, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने गृह संपर्क अभियान की शुरुआत कर दी है। अभियान के तहत संघ के कार्यकर्ता घर–घर जाकर भारत माता का चित्र और संघ का साहित्य भेंट कर रहे हैं। संघ ने इस अभियान को विश्व का सबसे बड़ा गृह संपर्क अभियान बताया है।

अवध प्रांत में संघ ने कुल 40 लाख घरों से संपर्क करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए 20,000 टोलियों का गठन किया गया है, जिनमें लगभग 80,000 कार्यकर्ता आगामी एक माह तक निरंतर घर–घर संपर्क करेंगे।

गुरुवार को अभियान की शुरुआत के मौके पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख स्वान्त रंजन, प्रांत संपर्क प्रमुख डॉ. हरनाम सिंह और संपर्क विभाग के अन्य पदाधिकारियों ने प्रख्यात लोकगायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी तथा साहित्यकार पद्मश्री विद्या बिंदु सिंह से उनके आवास पर मुलाकात कर संघ का साहित्य भेंट किया।

लखनऊ विभाग कार्यवाह अमितेश सिंह ने बताया कि लखनऊ विभाग में कुल 49 नगर, 413 बस्तियां और 1652 उपबस्तियां शामिल हैं। इनमें संपर्क के लिए पांच–पांच सक्षम कार्यकर्ताओं की टोलियां बनाई गई हैं। कुल 4956 टोलियां गठित की गई हैं, जिनमें 14,868 कार्यकर्ता घर–घर जाकर संपर्क करेंगे।

उन्होंने बताया कि गृह संपर्क अभियान 21 दिसम्बर 2025 तक चलेगा। इसके साथ ही ‘विशेष संपर्क’ के लिए भी अलग से टोलियां बनाई गई हैं। इन टोलियों का काम समाज के प्रबुद्धजनों, प्रतिष्ठित व्यक्तियों, सोसाइटी और बहुमंजिला अपार्टमेंट्स में रहने वाले लोगों से संपर्क करना है। इसके अतिरिक्त मठ–मंदिर, गुरुद्वारे और अन्य धार्मिक स्थलों में संपर्क के लिए भी टोलियां तैयार की गई हैं।

Related Articles

Back to top button