राहुल गांधी अवसाद का शिकार : केशव प्रसाद मौर्य

बहराइच,  उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गुरुवार को कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी अवसाद के शिकार हैं और देश की सत्ता और प्रधानमंत्री की कुर्सी पर अपना और अपने परिवार का जन्मसिद्ध अधिकार समझते हैं।

केशव प्रसाद मौर्य ने बहराइच में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और बाद में कलेक्ट्रेट के सभागार में अधिकारियों को शासन के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिये। पत्रकारों से बात करते हुए उप मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा “ अखिलेश यादव कोठी में बैठकर ट्वीट करने से सरकार को बदनाम नहीं कर सकते। जब समाजवादी गुंडों पर कार्रवाई होती है तो अखिलेश यादव बौखला जाते हैं।” कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी मौर्य ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अवसाद के शिकार हैं और देश की सत्ता और प्रधानमंत्री की कुर्सी पर अपना और अपने परिवार का जन्मसिद्ध अधिकार समझते हैं। उन्होने राहुल गांधी को “मानसिक रूप से बीमार” बताते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

उप मुख्यमंत्री मौर्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे अभी प्रधानमंत्री के पद पर रहते हुए और 25 साल तक देश की सेवा करेंगे। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र पर काम कर रही है और समाज के हर वर्ग को लाभान्वित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Back to top button