लखनऊ के मेट्रो स्टेशन पर महिला के पास मिले 53 कारतूस

लखनऊ, लखनऊ के महानगर थाना क्षेत्र के बादशाहनगर मेट्रो स्टेशन पर सुरक्षा जांच के दौरान एक महिला के बैग से 53 जिंदा कारतूस मिलने का मामला सामने आया है। कारतूस बरामद होने के बाद सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुट गई है।

घटना रविवार देर रात करीब 11:59 बजे की है, जब मेट्रो स्टेशन पर एक्स-रे बैगेज इंस्पेक्शन सिस्टम से स्कैनिंग के दौरान एक काले रंग के बैग में संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। शक होने पर तैनात महिला सुरक्षा गार्ड ने बैग की तलाशी ली, जिसमें 35 जिंदा कारतूस (.303 बोर) क्लिप चार्जर के साथ बरामद हुए। जांच के दौरान महिला के दूसरे पर्स से भी 18 जिंदा कारतूस (9 एमएम) और एक पन्नी में 9 खोखा (9 एमएम) व 1 खोखा (.303 बोर) बरामद किया गया। इस तरह कुल 53 जिंदा कारतूस और खोखे मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं।

पूछताछ में महिला ने अपना नाम प्रतिभा पाल (43) पत्नी स्व. यशवंत सिंह, निवासी तिवारीपुर,कानपुर नगर बताया है। वह कारतूस रखने के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी। इसके बाद मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने उसे हिरासत में ले लिया।

पुलिस के अनुसार, महिला से बरामद कारतूसों की संख्या और प्रकार को देखते हुए मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह इतनी मात्रा में कारतूस कहां से लेकर आई और इसका उद्देश्य क्या था।

Related Articles

Back to top button