लखनऊ नगर निगम ने सहारा शहर को किया सील

लखनऊ, राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर स्थित सहारा शहर में सोमवार सुबह से नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया है। नगर निगम की तरफ से यह कार्रवाई शर्तों के उल्लंघन और लीज की समय सीमा के समाप्त होने को देखते हुए की गई है।
आज सुबह करीब 11 बजे ही नगर निगम की टीम पूरी तैयारी के साथ सहारा शहर पहुंची और सीलिंग की कार्रवाई शुरू कर दी। इस दौरान सहारा के कुछ कर्मचारियों ने इसका विरोध भी किया। उनका आरोप है कि उनमें से कुछ का समान अदंर है, जिसे निकालने का मौका तक नही मिला। अधिकारियों ने बताया कि कर्मचारियों को सामान और फाइलें बाहर निकालने का अवसर दिया गया है। इसके बाद गेट-दर-गेट ताले जड़वाकर सीलिंग का काम चल रहा है।
कार्रवाई के दौरान कुछ कर्मचारियों ने वेतन न मिलने और बिना पूर्व सूचना के हटाए जाने को लेकर विरोध जताया। कुछ कर्मचारियों ने नारेबाजी की, लेकिन मौके पर पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
अपर नगर आयुक्त नम्रता सिंह ने बताया कि “यह जमीन नगर निगम की है, जिसे पहले लीज पर सहारा को दी गई थी। लीज शर्तों का उल्लंघन किए जाने पर निगम ने इसे अपने कब्जे में लेने की कार्रवाई शुरू की है। शाम तक पूरा सहारा शहर खाली कराकर सील कर दिया जाएगा।”
दरअसल, पूरा सहारा शहर 170 एकड़ की जमीन में फैला हुआ है, इसको 1994 में 30 साल की लीज पर दिया गया था। इसमें सहारा समूह को जमीन पर आवासीय योजना और ग्रीन बेल्ट को विकसित करने के लिए पांच साल दिए गए थे, लेकिन 1995 में आवासीय योजना के संबंध में सहारा शहर को नोटिस दिया गया था और यह नोटिस काम ठीक से न होने के कारण दिया गया था। तब नगर निगम की तरफ से यह पूछा भी गया था कि ऐसे में क्यों ना लीज निरस्त कर दी जाए। इसके बावजूद सहारा शहर की तरफ से कोई सही जवाब नहीं दिया गया। जिसके बाद सहारा शहर को लेकर नगर निगम के साथ कानूनी विवाद चल रहा था। अब जब 2024 में 30 साल के बाद लीज समाप्त हो गई है और उसका नवीनीकरण नहीं हुआ जिसके बाद यह एक्शन लिया जा रहा है।