लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्र ने हॉस्टल में की आत्महत्या, जांच शुरू

लखनऊ, लखनऊ के थाना हसनगंज क्षेत्र स्थित लखनऊ विश्वविद्यालय के सुभाष छात्रावास में रविवार को एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से छात्रावास परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार बीएससी एग्रीकल्चर द्वितीय सेमेस्टर का छात्र नवीन कुमार (उम्र लगभग 20 वर्ष), पुत्र नागेन्द्र कुमार, निवासी ग्राम चक उसरैला, तहसील सिकंदरपुर, जनपद बलिया, सुभाष हॉस्टल के कमरा नंबर 52 में रह रहा था। रविवार दोपहर करीब एक बजे साथियों ने देखा कि उसका कमरा अंदर से बंद है और काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। जिसके बाद छात्रों ने इसकी सूचना छात्रावास प्रशासन को दी।

सूचना पाकर मौके पर पहुंचे प्रोवोस्ट डॉ महेंद्र अग्निहोत्री की मौजूदगी में दरवाजा खुलवाया गया तो नवीन कमरे के अंदर पंखे से रस्सी के फंदे के सहारे लटका मिला। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और फॉरेंसिक जांच कराई। पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार छात्र कुछ समय से अवसाद में था। हालांकि आत्महत्या के कारणों की स्पष्ट पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button