लखनऊ समेत यूपी के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री के पार जाने का अनुमान

लखनऊ, उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने और आगामी सप्ताह के दौरान सक्रिय मौसम तंत्र नहीं होने के कारण तापमान में उल्लेखनीय वृद्धि की संभावना जताई गई है। राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के अनेक स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मौसम शुष्क होने के बाद पिछले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में औसतन 6 से 8 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। इसके बावजूद अधिकांश स्थानों पर तापमान अभी भी सामान्य से नीचे बना हुआ है।
विभाग ने बताया कि दिन में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तथा झोंकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही पछुआ हवाओं का दौर 12 अप्रैल के बाद कमजोर पड़ने की संभावना है। साथ ही अगले एक सप्ताह तक किसी सक्रिय मौसम प्रणाली के संकेत नहीं हैं। ऐसे में शुष्क मौसम और हवाओं की कमी के चलते तापमान में क्रमिक रूप से 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे कई जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच सकता है।
इस बीच शनिवार को 37.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ झांसी और प्रयागराज प्रदेश के सबसे गर्म स्थान रहे।





