वंश नंदल का बड़ा उलटफेर, दूसरी वरीय मुकिल को हराकर सेमीफाइनल में पहुंचे

लखनऊ, हरियाणा के वंश नंदल ने स्वरुप अग्रवाल मेमोरियल आइटा पुरुष प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरी वरीय मुकिल रामानन को हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। वहीं शीर्ष वरीय मयंक शर्मा, वंश बिष्ट और हरियाणा के अर्न्त्य ओह्ल्यान ने भी अंतिम चार में प्रवेश किया।

इंडिया पेस्टीसाइड्स लिमिटेड द्वारा प्रायोजित इस एक लाख रुपये प्राइजमनी वाले टूर्नामेंट में एकल के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में वंश नंदल ने तमिलनाडु के मुकिल रामानन को 6-4, 0-6, 6-2 से हराया। पहले सेट में वंश ने संयमित खेल दिखाया, जबकि दूसरे सेट में मुकिल ने शानदार वापसी कर मुकाबला बराबरी पर ला दिया। निर्णायक सेट में वंश ने बेहतरीन सर्विस और सटीक शॉट्स के दम पर जीत हासिल की।

दूसरे क्वार्टर फाइनल में हरियाणा के अर्न्त्य ओह्ल्यान ने उपनिषद भारद्वाज को 6-1, 4-6, 6-0 से पराजित किया। वहीं शीर्ष वरीय दिल्ली के मयंक शर्मा ने सुनील कुमार को 6-3, 6-4 से हराया और वंश बिष्ट ने राजस्थान के अमित को 6-4, 6-1 से मात देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।

युगल वर्ग में भी मुकाबले रोमांचक रहे। लव पहल और जसराज सिंह की जोड़ी ने शीर्ष वरीय अंशुमान सिंह और तनिष्क जाधव को सुपर टाईब्रेक में 3-6, 6-4 (12-10) से हराकर बड़ा उलटफेर किया। इसके अलावा मुकिल रामानन और रिकी चौधरी की जोड़ी ने सौरभ सिंह और उपनिषद भारद्वाज को 6-4, 6-3 से हराया। वंश नंदल और मयंक शर्मा ने पार्थ पाटिल व अर्न्त्य ओह्ल्यान को 6-1, 6-4 से पराजित किया, जबकि सुनील कुमार और एकलव्य सिंह ने अमित व पार्थ सारथी शर्मा को 7-5, 6-2 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

Related Articles

Back to top button