वन नेशन वन इलेक्शन का विधान बनायेगा देश को समृद्ध : एके शर्मा

जौनपुर, उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने सोमवार को कहा कि वन नेशन वन इलेक्शन का विधान देश को न सिर्फ समृद्ध बनायेगा बल्कि विकसित भारत की परिकल्पना को भी साकार करेगा।
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में में आयोजित ’वन नेशन वन इलेक्शन’ संगोष्ठी में उन्होंने कहा कि एक राष्ट्र एक चुनाव से देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता मजबूत होगी। नक्सलवाद, आतंकवाद और क्षेत्रीयता की भावना खत्म होगी। डेढ़ से दो वर्षों में देश की जीडीपी में बढ़ोतरी होगी और 2047 तक हमारा देश समृद्ध होकर एक विकसित राष्ट्र बन जाएगा।
उन्होने कहा कि देश के संसाधनों, समय व धन को बचाने तथा राष्ट्र प्रथम की भावना एवं राष्ट्रीयता को और मजबूत करने के लिए ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ बहुत आवश्यक है। बार-बार के चुनाव देश के विकास कार्यों में रोड ब्रेकर बन रहे है। भारत में 1951-52 से 1967 तक एक राष्ट्र एक चुनाव की व्यवस्था लागू थी। इसके पश्चात लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं के अलग अलग चुनाव होने लगे। वर्ष 1995 से लेकर आज तक देश में कहीं न कहीं पर प्रतिवर्ष चुनाव हो रहे।
एके शर्मा ने कहा कि अलग-अलग चुनाव होने से विकास कार्य बाधित होते है। सरकारी मशीनरी को लंबे समय तक चुनाव में लगा रहना होता है, इससे विकास कार्य समय से पूरे नहीं हो पाते और नीतिगत निर्णय भी प्रभावित होते है। इतना ही नहीं बार-बार चुनाव होने से मतदाताओं की रुचि भी कम हो रही है।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीशचंद्र यादव, राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी, जिलाध्यक्ष भाजपा पुष्पराज सिंह और विधायक रमेश चंद्र मिश्रा समेत कई नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।