विंग कमांडर व्योमिका सिंह पर सपा नेता रामगोपाल के विवादित बयान से सरगर्मी

मुरादाबाद, समाजवादी पार्टी (सपा) के राज्यसभा सदस्य एवं पार्टी के प्रमुख महासचिव राम गोपाल यादव का विंग कमांडर व्योमिका सिंह को लेकर दिये गये विवादित बयान पर राजनीति गरमा गयी है।
मुरादाबाद के बिलारी के कार्यक्रम में उपस्थित प्रो यादव ने अपने संबोधन में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान प्रेस ब्रीफिंग में शामिल विंग कमांडर व्योमिका सिंह को लेकर कथित रूप से जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। दरअसल, तहसील बिलारी में आयोजित समाजवादी पार्टी के एक कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि रामगोपाल ने मंच से अपने संबोधन में विंग कमांडर व्योमिका सिंह को जाटव व चमार कहकर संबोधित किया।
उन्होंने कहा “ऑपरेशन सिंदूर की ब्रीफिंग में कर्नल सोफिया कुरैशी के साथ शामिल विंग कमांडर व्योमिका सिंह हरियाणा की जाटव है, चमार है लेकिन भाजपा ने राजपूत समझकर व्योमिका के बारे में कुछ नहीं बोला, जबकि मुसलमान होने पर भाजपा के मंत्री ने कर्नल सोफिया कुरैशी काे गाली दी।
प्रो रामगोपाल केवल यहीं नहीं रुके वह लगातार बोलते चले गए। उन्होंने कहा कि एयर मार्शल अवधेश कुमार भारती ने ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया है। एयर मार्शल अवधेश कुमार भारती यादव हैं। रामगोपाल यादव ने कहा कि एक मुसलमान, दूसरा जाटव और तीसरा यादव ये तीनों तो पीडीए से आते हैं। पूरा युद्ध तो पीडीए ने ही लड़ा है। फिर भाजपा किस आधार पर इसका श्रेय ले रही है।
सपा नेता ने अपने संबोधन में कहा कि पाकिस्तान से दो दिन युद्ध चलने के बाद किसी ने धमकाकर युद्ध रुकवा दिया। हमारी सेवा ने पराक्रम और वीरता का परिचय दिया है। लेकिन भारतीय जनता पार्टी इसका श्रेय लेना चाह रही है। क्या भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मोर्चे पर लड़ने गई थी। ऐसा देश में पहली बार हुआ है। पहले भी देश द्वारा कई युद्ध लड़े गए हैं मगर तत्कालीन किसी भी राजनीतिक दल ने जीत का श्रेय नहीं लिया है। युद्ध में वीर सैनिक अपनी जान की बाजी लगाकर देश की रक्षा करते हैं। ऐसे में उनकी वीरता और पराक्रम का श्रेय लेना कदापि उचित नहीं है।
गौरतलब है कि इससे पहले मध्यप्रदेश के मंत्री विजय शाह ने रविवार को कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित टिप्पणी की थी। उनके इस बयान पर मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय द्वारा भाजपा के मंत्री के विवादित बयान पर आपत्ति जताते हुए एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए थे। वहीं दूसरी ओर हाईकोर्ट के आदेश के ख़िलाफ़ सुप्रीम कोर्ट गए मंत्री विजय शाह की ओर से कर्नल सोफिया कुरैशी पर की गई टिप्पणी पर दायर याचिका की सुनवाई करते हुए कहा कि आप एक संवैधानिक पद पर आसीन हैं इसलिए पद की जिम्मेदारी का एहसास होना चाहिए।