Breaking News

‘विजया राजे सिंधिया’ की जीवनी पर गोवा की राज्यपाल मृदुला सिन्हा ने लिखी फिल्म

नई दिल्ली,  राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा है कि पूर्व राजमाता विजया राजे सिंधिया का जीवन प्रेरणास्पद था। साथ ही उनका व्यक्तित्व उच्च आदर्शो एवं भारतीय संस्कृति के संस्कारों से परिपूर्ण था। उन्होंने आम लोगों विशेषकर समाज के पिछड़े वर्गो, महिलाओं एवं बच्चों के कल्याण के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। श्रीमती राजे  सांय नई दिल्ली के सिरीफोर्ट ऑडिटोरियम में गोवा के राज्यपाल मृदुला सिन्हा द्वारा संपादित पुस्तक राजपथ से लोकपथ के नवीन संस्करण और इसके अंग्रेजी संस्करण रॉयल टू पब्लिक लाईफ के लोकार्पण के अवसर पर संबोधित कर रही थी।

कार्यक्रम में इन पुस्तकों पर आधारित बायोपिक फिल्म एक थी रानी ऐसी भी के स्क्रिनिंग भी की गई। पुस्तकों का लोकार्पण पूर्व उप प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी ने किया। इस अवसर पर आडवाणी ने कहा कि राजमाता विजया राजे सिंधिया जैसी एक महान हस्ती, त्याग की प्रतिमूर्ति और विशाल व्यक्त्तिव की धनी जननेता के जीवन पर आधारित पुस्तक का लोकार्पण करने का मुझे सौभाग्य और सम्मान मिला है। उनके जीवन पर बनी फिल्म नई पीढ़ी को प्रेरित करेगी।

समारोह में फिल्म की पटकथा लेखक और गोवा की राज्यपाल मृदुला सिंहा ने बताया कि पूर्व राजमाता के जीवन व्यक्तित्व एवं कृतित्व और आत्मकथा पर उन्हें पहली बार वर्ष 1997 में राजपथ से लोकपथ पुस्तक को सार्वजनिक रूप से आडवाणी के साथ लोकार्पण करने का सौभाग्य मिला था। इस पुस्तक के आठ संस्करण प्रकाशित हो चुके हैं और पाठकों की मांग पर अंग्रेजी का पहला संस्करण भी प्रकाशित किया गया है।

लोकार्पण कार्यक्रम में हरियाणा के राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी, उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक, राजस्थान की उच्च शिक्षा मंत्री किरण माहेश्वरी, मध्य प्रदेश की मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, सांसद माया सिंह और दुष्यंत सिंह सहित सिंधिया परिवार के सदस्यगण और अन्य कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। फिल्म में राजमाता का किरदार निभाने वाली सिने तारिका एवं सांसद हेमा मालिनी, फिल्म के निर्माता निर्देशक गुलबहार सिंह और पुस्तक के प्रकाशक प्रभात कुमार भी मौजूद थे।