Breaking News

विद्यार्थियों को सांस्कृतिक विरासत को सहेजना सिखाये विवि: आनंदीबेन पटेल

जौनपुर, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने मंगलवार को कहा कि विश्वविद्यालय देश की सांस्कृतिक विशेषताओं को सहेज कर विद्यार्थियों को आगे बढ़ाना सिखाएं।

आनंदीबेन पटेल ने लखनऊ में नैक मूल्यांकन में ‘ए प्लस‘ ग्रेड प्राप्त वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय को प्रशस्ति प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होने भारतीय शिक्षा व्यवस्था को पश्चिमी देशों की शिक्षा व्यवस्था से बेहतर बताया और कहा कि हमारे देश में पारिवारिक और सामाजिक मूल्यों का महत्व अधिक है। विदेशों में संस्कार नहीं है, संवेदनशीलता नहीं है। भारत में इनका अत्याधिक महत्व है। भारत की सांस्कृतिक विशेषताओं को सहेजकर विद्यार्थियों को आगे बढ़ाएं।

उन्होंने विश्वविद्यालय की निरंतर प्रगति के लिए शिक्षकों को अधिक समय तक कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सप्ताह में एक दिन विश्वविद्यालय के सभी शिक्षक और विद्यार्थी विश्वविद्यालय परिसर की स्वयं सफाई भी करें।

बैठक में अपर मुख्य सचिव राज्यपाल डॉ0 सुधीर महादेव बोबडे, विशेष कार्याधिकारी शिक्षा प्रो पंकज एल जानी, वित्त अधिकारी संजय राय, कुलसचिव महेंद्र कुमार, परीक्षा नियंत्रक अजीत सिंह, विश्वविद्यालय नैक टीम के सदस्य उपस्थित रहे।