विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी ताकत से जुटे कार्यकर्ता : अखिलेश यादव

लखनऊ, वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य 2027 में सरकार बनाना है और इसके लिए बूथ स्तर तक मजबूत तैयारी जरूरी है।

गुरुवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित बैठक में अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछले वर्षों में प्रदेश में भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी बढ़ी है तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हुई है। उन्होंने कहा कि जनता और प्रदेश के विकास के लिए भाजपा को सत्ता से बाहर करना आवश्यक हो गया है।

उन्होंने संगठन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं को एकजुट रहने, आपसी मतभेद से बचने और पूरी ईमानदारी से काम करने की सलाह दी। साथ ही शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन की अपील भी की। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक और सेकुलर मूल्यों पर चलने वाली पार्टी है और संविधान के प्रति उसकी पूर्ण प्रतिबद्धता है। उन्होंने 2027 के चुनाव को “करो या मरो” की स्थिति बताते हुए किसी भी तरह की चूक से बचने की बात कही।

बैठक में पार्टी पदाधिकारियों ने 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर शिवपाल सिंह यादव, उदय प्रताप सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button