लखनऊ, समाजवादी पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कार्यकर्ताओं से कहा कि हमारा इस समय एक ही लक्ष्य होना चाहिए कि 2017 के विधानसभा चुनाव में हमें प्रचंड बहुमत की सरकार बनानी है। यादव आज यहां पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि चुनाव सिर पर हैं और यह मेरी भी परीक्षा की घड़ी है। हमारा इस समय एक ही लक्ष्य होना चाहिए कि 2017 के विधानसभा चुनाव में हमें प्रचंड बहुमत की सरकार बनानी है और इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को बूथ संभालना और पार्टी के निर्देश का पालन करना है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने साढ़े चार साल के कार्यकाल में बहुत काम किए हैं जिनसे समाज का हर वर्ग लाभान्वित हुआ है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बहुत लोगों को रोजगार दिया है, अभी और रोजगार देना है। सडक, पुल, पेंशन, दुर्घटना बीमा योजना, बीमारी के लिए आर्थिक सहायता, 108 एम्बुलेन्स सेवा आदि जनहित के कार्यो का प्रचार घर-घर तक करना है। उन्होंने कहा कि सपा को काम के हिसाब से वोट मिलने चाहिए।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नेताजी (मुलायम सिंह यादव) ने जो फैसला किया है उस पर सबको अमल करना है। उन्होंने कहा कि सबको एक होकर काम करना चाहिए। पार्टी में कहीं कोई गुटबाजी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गुटबाजी करने वाले के लिए पार्टी में कोई जगह नही है। उन्होंने कहा कि नारे पहले समाजवादी पार्टी, नेताजी और फिर मुख्यमंत्री जी के लगाने चाहिए। इस मौके पर सपा के प्रदेश सचिव एसआरएस यादव भी मौजूद थे।