Breaking News

विभिन्न मिशन में भारत ने भेजे 6,900 जवान- भारतीय आर्मी

नई दिल्ली, सोमवार को वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ सरत चंद ने बताया कि विभिन्न मिशन में भेजे गए 1,15,000 शांति सैनिकों में 6,900 आर्मी के जवानों के साथ भारत ने अपना योगदान दिया है। संयुक्त राष्ट्र द्वारा चलाए जा रहे शांति अभियानों में भारत सहित 124 देशों के सैन्य और पुलिस बल के 96 हजार जवान तैनात हैं। यह शांति अभियान दुनियाभर के कई देशों में चलाए जा रहे हैं।

संयुक्त राष्ट्र अंतरराष्ट्रीय शांतिरक्षण दिवस के अवसर पर 24 मई को संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कांगो और लेबनान में शांति अभियान के दौरान शहीद हुए भारतीय सैनिकों बृजेश थापा और रवि कुमार को मरणोपरांत सम्मानित किया। इनके अलावा 115 अन्य लोगों को भी संरा की ओर से डेग हेमर्सओल्ड मेडल दिया गया। सम्मानित होने वाले लोगों में संयुक्त राष्ट्र के साल 2016 में विभिन्न शांति अभियानों के दौरान सैन्य और पुलिस बल के जवान शामिल हैं।

एएनआई से बात करते हुए सरत चंद ने कहा, संरा ऑपरेशन के शुरू होने के बाद से अब तक कुल 168 शांति सैनिकों ने अपनी जान गंवाई। सैनिकों के साथ योगदान देने वाला भारत सबसे बड़ा देश है। वर्तमान में अफगानिस्तान, रिपब्लिक ऑफ कांगो, हैती, लेबनान, लाइबेरिया, मध्यपूर्व, साउथ सूडान, सूडान और पश्चिमी सहारा में संयुक्त राष्ट्र के शांति अभियानों में भारत ने 7,600 पुलिस के जवानों से अपना योगदान दिया है।