विषय अध्यापकों की ड्यूटी संबंधित विषय की बोर्ड परीक्षा में न लगाएं डीआइओएस

लखनऊ, लखनऊ में चल रही बोर्ड परीक्षाओं के बीच परीक्षा प्रबंधन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आम आदमी पार्टी (आप) के शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह ने जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय पर नियमों की अनदेखी कर विषय अध्यापकों से ही संबंधित विषय की बोर्ड परीक्षा में ड्यूटी कराने का आरोप लगाया है।

सोमवार को महेंद्र सिंह ने कहा कि स्पष्ट निर्देश हैं कि जिस विषय की परीक्षा हो, उस विषय के शिक्षक की उसी परीक्षा में ड्यूटी नहीं लगाई जा सकती, ताकि परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनी रहे। इसके बावजूद लखनऊ के कई परीक्षा केंद्रों पर इस नियम का उल्लंघन किया जा रहा है, जिससे परीक्षा की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

महेंद्र सिंह ने बताया कि बप्पा वोकेशनल गर्ल्स इंटर कॉलेज, मोतीलाल इंटर कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, एमकेएसडी, विद्यांत इंटर कॉलेज, सेंटिनल इंटर कॉलेज और गुरुनानक गर्ल्स इंटर कॉलेज सहित कई परीक्षा केंद्रों पर कक्ष निरीक्षकों की पर्याप्त उपलब्धता नहीं है। केंद्र व्यवस्थापकों द्वारा संबंधित अधिकारियों से लगातार संपर्क किया जा रहा है, लेकिन अब तक आवश्यक संख्या में निरीक्षक उपलब्ध नहीं कराए गए हैं, जिससे परीक्षा संचालन प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक शिक्षक, जिनकी हाल ही में हार्ट सर्जरी हुई है, उनकी ड्यूटी में संशोधन नहीं किया गया है और उन्हें घर से करीब 50 किलोमीटर दूर परीक्षा केंद्र पर तैनात किया गया है, जबकि चिकित्सकों ने उन्हें पूर्ण विश्राम की सलाह दी है। उन्होंने इसे प्रशासन की संवेदनहीनता करार देते हुए कहा कि यदि शिक्षक के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।

महेंद्र सिंह ने मांग की कि विषय अध्यापकों से संबंधित विषय की परीक्षा में ड्यूटी कराने पर तत्काल रोक लगाई जाए और गंभीर रूप से अस्वस्थ शिक्षक की ड्यूटी निकटतम परीक्षा केंद्र पर स्थानांतरित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आम आदमी पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होगी।

Related Articles

Back to top button