व्यापारी ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में बुधवार को एक व्यापारी ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली।
पुलिस सूत्रों के अनुसार कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला आजाद नगर निवासी टेंट एवं किराना व्यवसायी राजेंद्र जायसवाल के पुत्र नवीन जायसवाल (50) ने आज सुबह करीब साढ़े सात बजे अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। घर में अचानक गोली चलने की आवाज सुनते ही परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर अवस्था में नवीन को लखनऊ रोड स्थित हिंद मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार उस समय घर के सभी सदस्य अपनी नित्य क्रियाओं में व्यस्त थे। इसी दौरान नवीन के कमरे से गोली चलने की आवाज आई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने देखा कि उनके सिर में गोली लगी थी।
नवीन जायसवाल अपने पीछे एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। वह अपने पिता के इकलौते पुत्र थे और कारोबार संभालते थे।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सिर में गोली लगने की पुष्टि हुई है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।





