शक्सगाम घाटी पर चीन के दावे का जवाब दें मोदी : कांग्रेस

नयी दिल्ली, कांग्रेस ने कहा है कि चीन लगातार भारत की सीमाओं को अपना बताकर वहां ढांचागत बुनियादी सुविधा विकसित करने को सही बता रहा है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इसका करारा जवाब देना चाहिए।
कांग्रेस ने कहा है कि चीन अब जम्मू-कश्मीर की शक्सगाम घाटी को अपना हिस्सा बता रहा है। उसके विदेश मंत्रालय ने इस क्षेत्र में बुनियादी ढांचा के विकास को सही ठहराया है। पार्टी ने श्री मोदी से सवाल किया है इस बारे में वह चुप क्यों हैं। उनको इसका जवाब देना चाहिए।
पार्टी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पेज एक्स पर मंगलवार को लिखा “मोदी सरकार की विदेश नीति वेंटिलेटर पर पड़ी है। अब चीन ने जम्मू-कश्मीर की शक्सगाम घाटी को अपना बताया है। चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने कहा- शक्सगाम घाटी चीन का इलाका है, यहां बुनियादी ढांचा बनाना गलत नहीं है। मोदी जी ‘लाल आंख’ का क्या हुआ।”





