शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 800 अंक से ज्यादा उछला, आईटी कंपनियों पर दबाव

मुंबई, घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को लगातार दूसरे दिन तेजी का रुख देखा गया और शुरुआती कारोबार में बीएसई का सेंसेक्स 800 अंक से ज्यादा मजबूत हुआ।
सेंसेक्स 483.56 अंक की बढ़त में 74,552.01 अंक पर खुला। चौतरफा लिवाली के दम पर खबर लिखे जाते समय यह 861.99 अंक (1.16 प्रतिशत) ऊपर 74,930.44 अंक पर रहा।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 152 अंक की मजबूती के साथ 23,064.40 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 288.80 अंक यानी 1.26 प्रतिशत चढ़कर 23,201.20 अंक पर था।
आईटी को छोड़कर अन्य सभी सेक्टरों में तेजी रही और उनके सूचकांक एक प्रतिशत से अधिक चढ़े। ऑटो, धातु, बैंकिंग, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, रसायन, रियलिटी और मीडिया सेक्टरों में ज्यादा मजबूती देखी गयी।
सेंसेक्स की बढ़त में एचडीएफसी बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक, एलएंडटी, एक्सिस बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक का योगदान अधिक रहा। वहीं, इंफोसिस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और टीसीएस के शेयर फिलहाल लाल निशान में हैं।





