शेयर बाजारों में लगातार दूसरे दिन तेजी

मुंबई, अमेरिका में आयात शुल्क में कमी से सोमवार को घरेलू शेयर बाजारों में लगातार दूसरे दिन तेजी रही।
बीएसई का सेंसेक्स 479.95 अंक (0.58 अंक) की बढ़त में 83,294.66 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 141.75 अंक यानी 0.55 प्रतिशत ऊपर 25,713 अंक पर बंद हुआ।
सार्वजनिक बैंकों, वित्तीय कंपनियों और एफएमसीजी सेक्टर की कंपनियों में ज्यादा लिवाली रही। आईटी, रसायन, धातु, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और रियलटी समूहों के सूचकांक टूट गये।
मझौली कंपनियों में बिकावाली और छोटी कंपनियों में लिवाली ज्यादा रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.83 प्रतिशत फिसल गया जबकि स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.29 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ।
अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा पिछले साल विभिन्न देशों पर लगाये गये आयात शुल्क की ऊंची दरों को अवैध बताते हुए उसे रद्द कर दिया था। इसके बाद श्री ट्रंप ने 20 फरवरी को 150 दिन के लिए सभी देशों पर 10 प्रतिशत का समान आयात शुल्क लगाने की घोषणा की थी जिसके बारे में व्हाइट हाउस ने आदेश भी जारी कर दिया है जिसमें कहा गया है कि नयी दर 24 फरवरी से लागू होनी है। हालांकि राष्ट्रपति ने 21 फरवरी को आयात शुल्क 15 प्रतिशत करने की घोषणा की थी, लेकिन इसके बारे में अबतक कोई आदेश जारी नहीं किया गया है।
अमेरिका में आयात शुल्क में कमी की घोषणा से भारतीय शेयर बाजारों में भी निवेशकों का विश्वास मजबूत हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों में अडानी पोर्ट्स का शेयर लगभग तीन प्रतिशत और कोटक महिंद्रा बैंक का 2.25 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। अल्ट्राटेक सीमेंट, पावरग्रिड, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयरों में एक से दो प्रतिशत के बीच बढ़त रही। भारती एयरटेल, भारतीय स्टेट बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाइटन, एलएंडटी, एनटीपीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, सनफार्मा और मारुति सुजुकी के शेयर भी हरे निशान में रहे।
इंफोसिस में दो प्रतिशत के करीब गिरावट रही। टेक महिंद्रा का शेयर एक प्रतिशत से ज्यादा लुढ़क गया। ट्रेंट, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, बजाज फिनसर्व, आईटीसी, टीसीएस, बीईएल और इटरनल के शेयर भी लाल निशान में बंद हुए।





