शेयर बाजारों में शुरुआती गिरावट, सेंसेक्स 800 अंक से ज्यादा टूटा

मुंबई, घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट रही और बीएसई का सेंसेक्स 800 अंक से ज्यादा टूट गया।

विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों के बीच सेंसेक्स 372.49 अंक नीचे 73,734.36 अंक पर खुला और कुछ ही देर में करीब 824 अंक की गिरावट के साथ 73,282 अंक तक उतर गया। खबर लिखे जाते समय यह पिछले कारोबारी दिवस की तुलना में 407.49 अंक (0.55 प्रतिशत) नीचे 73,699.36 अंक पर था।

ईरान युद्ध में दोनों तरफ से हमले और तेज होने से बाजार में निवेश धारणा कमजोर रही। ऑटो, बैंकिंग और वित्त समूहों में ज्यादा बिकवाली रही। एफएमसीजी, स्वास्थ्य, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, तेल एवं गैस और रसायन समूहों के सूचकांक भी टूट गये। हालांकि धातु, आईटी और रियलटी समूहों में फिलहाल लिवाली हावी है।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 129.55 अंक गिरकर 22,838.70 अंक पर खुला और खबर लिखे जाते समय 138.25 अंक टूटकर 22,830 अंक पर रहा।

सेंसक्स की कंपनियों में इंडिगो का शेयर दो प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट में है। इटरनल, महिंद्रा एंड महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट, एक्सिस बैंक, टाइटन, एशियन पेंट्स, एलएंडटी और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर भी नीचे चल रहे हैं। वहीं, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, बजाज फाइनेंस, टेक महिंद्रा और सनफार्मा में तेजी रही।

Related Articles

Back to top button