शेयर बाजार में निवेश पर भारी मुनाफा का झांसा देकर लोगों ठगने वाले गिरोह का सरगना गिरफ्तार

नोएडा, उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 36 स्थित साइबर अपराध थाना पुलिस ने शेयर बाजार में निवेश कर भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर तीन करोड़ से रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी से जुड़े अहम साक्ष्य भी बरामद किए हैं। पुलिस ने बुधवार को बताया कि मंगलवार को विशेष अभियान के तहत कार्रवाई में बन्टी कुमार नोएडा से गिरफ्तार किया गया। आरोपी मूल रूप से बिहार के पूर्णिया जिले का निवासी है और उसकी उम्र लगभग 32 वर्ष बताई जा रही है।
जांच में सामने आया कि आरोपी और उसके गिरोह के सदस्यों ने शेयर बाजार में निवेश कर अधिक लाभ दिलाने का लालच देकर लोगों से करीब तीन करोड़ छब्बीस लाख रुपये की ठगी की। आरोपी फर्जी निवेश योजनाओं और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों को अपने जाल में फंसाता था।
साइबर अपराध पुलिस द्वारा कि गई जांच पड़ताल में सामने आया कि राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दर्ज शिकायतों में इस्तेमाल किए गए संदिग्ध मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच और स्थानीय खुफिया सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी के बैंक खाते की जांच में ठगी से संबंधित करीब साठ लाख रुपये की धनराशि का लेन-देन पाया गया है। साथ ही, उसके खाते के खिलाफ एनसीआरपी पोर्टल पर एक शिकायत भी दर्ज है।
इस बड़े साइबर फ्रॉड नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस अब तक चौदह अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। बन्टी कुमार इस गिरोह का एक महत्वपूर्ण सदस्य बताया जा रहा है।
आरोपी के खिलाफ नोएडा साइबर अपराध थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओ तथा आईटी एक्ट की धारा के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने साइबर अपराधियों से बचाव के लिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है और कहा है कि किसी भी व्हाट्सएप या कॉल पर आए निवेश ऑफर पर आंख मूंदकर विश्वास न करें। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें। अपने आधार, पैन कार्ड या बैंक खाते की जानकारी किसी अजनबी को न दें।
साइबर फ्रॉड की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर एक नौ तीन शून्य या आधिकारिक वेबसाइट डब्लूडब्लूडब्लू.साइबरक्राइम.जीओवी.इन](एचटीटीपी://डब्लूडब्लूडब्लू.साइबरक्राइम.जीओवी.इन)पर शिकायत दर्ज करें।





